एसबीआई के बाद एचडीएफसी ने होम लोन के ब्याज दर में की कटौती,कम होगी EMI
नई दिल्ली
निजी सेक्टर के बैंक एचडीएफसी ने बढ़ती महंगाई के बीच लोगों को सस्ते घर खरीदने का तोहफा दिया है। एसबीआई के बाद हाउसिंग डेवलपमेंट फाइनेंस कॉरपोरेशन यानी HDFC बैंक ने बुधवार को होम लोन की ब्याज दरों में कटौती की घोषणा की। बैंक ने होम लोन की ब्याज दरें घटाने की सूचना स्टॉक एक्सचेंज को दी। बैंक की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक एचडीएफसी ने अपने रिटेल प्राइम लेंडिंग रेट (RPLR) में 5 बेसिक प्वाइंट की कटौती करने का ऐलान किया।
निजी सेक्टर की बैंक एचडीएफसी बैंक ने होम लोन की ब्याज दर में बदलाव किया है। बैंक ने होम लोन की ब्याज दर को 5 बेसिक प्वाइंट से घटा दिया है। नई ब्याज दरें 4 मार्च 2021 से लागू होंगी। होम लोन की ब्याज दर में की गई इस कटौती के बाद एचडएफसी की न्यूनतम ब्याज दर 6.75 फीसदी हो गई है। बैंक ने कहा है कि होम लोन की ब्याज दर में की गई इस कटौती का लाभ सभी वर्तमान रिटेल होम लोन ग्राहकों को मिलेगा।
आपको बता दें कि एचडीएफसी से ठीक पहले एसबीआई ने भी होम लोन के ब्याज दर में कटौती की है। एसबीआई के अलावा कोटक महिंद्रा बैंक ने भी होम लोन की ब्याज दरों में कटौती कर दी है। एसबीआई ने होम लोन की ब्याज दर में कटौती कर इसे 6.70 फीसदी से शुरू किया है। बैंक की ओर से होम लोन की ब्याज दर पर 10 बेसिक प्वाइंट तक की छूट देने की घोषणा की है। एसबीआई ने ये ऑफर सीमित समय के लिए लिया है। लोग 31 मार्च तक इस ऑफर का लाभ ले सकते हैं।
एसबीआई के अलावा कोटक महिंद्रा बैंक ने भी होम लोन की ब्याज दर घटाई है। कोटक महिंद्रा बैंक ने होम लोन की ब्याज दर में 0.10 प्रतिशत की कटौती की घोषणा की। बैंक ने सीमित समय के लिए ब्याज दर को घटाकर 6.65 फीसदी कर दिया है। बैंक ने 6.65 प्रतिशत की दर से 31 मार्च तक होम लोन का खास ऑफर पेश किया है।

पाठको की राय